बरेली। थाना आंवला पुलिस ने फर्जी बिजली विभाग का कर्मचारी बनकर लोगों से धन उगाही करने वाले तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, विद्युत विभाग के अधिकारियों ने 31 अगस्त को थाना आंवला में तहरीर देकर शिकायत की कि कुछ लोग खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर मीटरों से छेड़छाड़ कर रहे थे और सरकारी सामग्री का दुरुपयोग करते हुए लोगों से अवैध वसूली कर रहे थे। इससे विभाग की छवि भी धूमिल हो रही थी। शिकायत के आधार पर थाना आंवला में बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा विद्युत अधिनियम की धाराओं 135 और 136 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुन्ना उर्फ शाकिर निवासी कोहाड़ापीर, मुकेश निवासी बीडीए कॉलोनी और अशोक कुमार सक्सेना निवासी पटेल विहार कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद चौथा आरोपी समीर फरार है और उसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बेगराम सिंह और आरक्षी गौतम कुमार शामिल रहे।