बदायूं में धूमधाम से मनी बाबा साहब की 135वीं जयंती, सांसद आदित्य यादव ने किया व्यापक जनसंपर्क
बदायूं। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जनपद भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के बदायूं लोकसभा क्षेत्र के सांसद आदित्य यादव ने पूरे संसदीय क्षेत्र का दौरा कर अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में सहभाग करते हुए बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत सांसद ने अपने दौरे की शुरुआत बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के उझानी स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर पार्क से की, जहां उन्होंने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इसके बाद वे बदायूं शहर स्थित अम्बेडकर पार्क पहुंचे और वहां भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।इसके पश्चात उन्होंने बिल्सी क्षेत्र के होली चौक, मोहल्ला नंबर-5 स्थित अम्बेडकर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया और उपस्थित जनसमूह से संवाद किया।सहसवान विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गंधरौली में आयोजित सभा इस पूरे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जहां भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। अपने संबोधन में सांसद आदित्य यादव ने कहा कि बाबा साहब का जीवन सामाजिक क्रांति का प्रतीक है, जिन्होंने वंचित, शोषित और दलित समाज को अधिकार दिलाने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब द्वारा निर्मित संविधान देश की आत्मा है, जो हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। यह केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि गरीब, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग का सुरक्षा कवच है।
सांसद ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान समय में संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि आरक्षण व्यवस्था को प्रभावित करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाने और गरीब-किसान की आवाज दबाने की कोशिशें की जा रही हैं।उन्होंने बदायूं जनपद की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि किसान आज भी फसल का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहा है, जबकि नौजवान बेरोजगारी से जूझ रहा है। गांवों में सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी पूरी तरह उपलब्ध नहीं हैं।
कार्यक्रम के अगले चरण में सांसद बिसौली विधानसभा क्षेत्र के फैजगंज बेहटा पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र के गवां में आयोजित भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए और जनता का अभिवादन स्वीकार किया।अंतिम चरण में सांसद बबराला स्थित अम्बेडकर पार्क पहुंचे और वहां भी श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने बाबा साहब के प्रसिद्ध संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” को दोहराते हुए सभी से इसे जीवन में अपनाने का आह्वान किया।इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव, विधायक राम खिलाड़ी यादव, विधायक ब्रजेश यादव, पूर्व विधायक हाजी बिट्टन, पूर्व विधायक भूपेंद्र दद्दा, उदयवीर शाक्य, विधायक हिमांशु यादव, फखरे अहमद शोबी, पूर्व विधायक आर के शर्मा, पूर्व विधायक लक्ष्मी गौतम, सुरेशपाल चौहान, पूर्व चेयरमैन मेहरबान खान, रजनीश गुप्ता, अमित यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।














































































