बरेली। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश दद्दा की अगुवाई में पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई तथा स्वर सम्राज्ञी आशा भोसले के स्वर्गवास पर शोकसभा का आयोजन किया गया। प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने बताया कि शोकसभा को संबोधित करते हुए दिनेश दद्दा ने कहा कि मोहसिना किदवई उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से संबंध रखने वाली वरिष्ठ राजनीतिज्ञ थीं, जिन्होंने इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के कार्यकाल में केंद्रीय मंत्री के रूप में कई महत्वपूर्ण विभागों का सफलतापूर्वक दायित्व निभाया। उन्होंने कहा कि उनके जैसा अनुभवी और समर्पित नेता आज के दौर में मिलना दुर्लभ है। उन्होंने आगे कहा कि आशा भोसले देश की स्वर कोकिला थीं, जिनका योगदान संगीत जगत में अमूल्य है और उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश अग्रवाल ने भी दोनों महान हस्तियों को नमन करते हुए कहा कि मोहसिना किदवई पार्टी की वरिष्ठ नेता थीं, जबकि आशा भोसले की आवाज आज भी लोगों के दिलों में जीवित है। इस दौरान अकरम खान, महिंदर पाल गंगवार, जीशान अफरीदी, मुजमील हसन, तीरथ मधुकर, देवेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, अकरम भाई, अंश वर्मा, सफदर अली, मोहसिन खान, फराहा खान, फिरदोस खान, तब्बूसुम, सतीश चंद्रा सहित कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।