बरेली। थाना कोतवाली पुलिस ने रात्रि चेकिंग के दौरान एक अभियुक्त को अवैध तमंचा और जिन्दा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार रात महिला उप निरीक्षक कोमल कुण्डू, उप निरीक्षक नितिन राणा व पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिन्दा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्त ने अपना नाम शिवम वाष्र्णेय निवासी वजीरगंज, जनपद बदायूं तथा वर्तमान में गांधीनगर, जनकपुरी थाना प्रेमनगर बरेली बताया। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ऑनलाइन जुआ खेलने का आदी है और काफी धनराशि हार चुका है। कर्जदारों के दबाव के चलते उसने अपनी सुरक्षा के लिए अवैध तमंचा रखा हुआ था, जिसे उसने बदायूं निवासी एक परिचित के माध्यम से हासिल किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में महिला उप निरीक्षक कोमल कुण्डू, उप निरीक्षक नितिन राणा, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र और हेड कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।