बरेली । राजेंद्र नगर के प्रसिद्ध नीलकंठ मंदिर में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के छठे दिवस पर रविवार को भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर भगवान श्री गणेश और भगवान कार्तिकेय के प्रकटोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में वृंदावन धाम से पधारी प्रसिद्ध कथा व्यास राध्या भारद्वाज ने अपनी मधुर वाणी और भावपूर्ण शैली में शिव महापुराण की कथा का अत्यंत सुंदर एवं मार्मिक वर्णन किया। उनके प्रवचनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान और भक्ति रस में सराबोर कर दिया। आज के मुख्य यजमान के रूप में ब्रह्मा वर्मा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। इस अवसर पर नीलकंठ मंदिर समिति के सभी पदाधिकारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही समिति संरक्षक व् पार्षद सतीश कातिब मम्मा तथा अध्यक्ष पवन अरोड़ा, मीडिया प्रभारी आयुष अग्रवाल, पवन रायजादा, यशिका, प्रियाशी, कनिष्का, भोलू भी कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश और कार्तिकेय के प्रकटोत्सव पर श्रद्धा और उल्लास के साथ भाग लिया। आयोजकों के अनुसार, शिव महापुराण कथा के आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।