बरेली। अम्बेडकर जयंती के अवसर से पूर्व एक अस्पताल में आयोजित रक्तदान कार्यक्रम में शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद, बरेली के जिलाध्यक्ष हरी शंकर और जिला संयोजक जितेंद्र मिश्रा ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। रक्तदान के बाद हरी शंकर ने कहा कि रक्तदान महादान है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचार हमें मानवता, समानता और सेवा का संदेश देते हैं और ऐसे कार्य उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि हैं। जिला संयोजक जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि समाज के हर सक्षम व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए, ताकि आपात स्थिति में किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सके। उन्होंने युवाओं से भी आगे आकर जनहित के कार्यों में भागीदारी निभाने की अपील की। रक्तदान शिविर में समिति के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल रक्त संग्रह करना ही नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और जागरूकता का संदेश फैलाना भी रहा। अम्बेडकर जन्मोत्सव समिति के इस आयोजन की सभी ने सराहना की और इसे समाजहित में एक प्रेरणादायक पहल बताया।