बरेली/आगरा। यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन ‘सृजनोत्सव 2026’ का आयोजन 11 व 12 अप्रैल को आगरा में किया गया। अधिवेशन में प्रदेश संरक्षक एवं खैरागढ़ विधायक भगवान सिंह कुशवाहा की उपस्थिति तथा प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में प्रांतीय चुनाव संपन्न हुए।इस दौरान जनपद बरेली के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह को निर्विरोध प्रांतीय उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित किया गया। उनके निर्वाचन पर शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई और सोशल मीडिया सहित व्यक्तिगत रूप से उन्हें बधाइयाँ दी गईं।नवनिर्वाचित प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने प्रांतीय कमेटी एवं प्रदेश अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान जनपद बरेली के समस्त शिक्षक साथियों का है, जिन्होंने यूटा पर विश्वास जताते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ संगठन की लड़ाई में उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि यूटा की यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।मीडिया प्रभारी सतेंद्र पाल सिंह ने बताया कि भानु प्रताप सिंह को प्रदेश स्तर पर यह जिम्मेदारी उनकी सक्रियता और शिक्षकों के हित में किए जा रहे निरंतर प्रयासों के आधार पर दी गई है। अधिवेशन में बरेली जनपद से हेमंत कुमार, राज पल्याल, सतेंद्र पाल सिंह, रवि कुमार, सुनील कुमार, शशिकांत, भारत सिंह, देवराज सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने भी प्रतिभाग किया।