बरेली। शहर में सीएम ग्रिड्स फेज-2 परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण को लेकर नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। योजना के अंतर्गत कोहाड़ापीर से धर्मकांटा तक तथा कोहाड़ापीर से कुदेशिया रोड तक मार्ग का विस्तार किया जाना है। इसी क्रम में नगर निगम की टीम ने धर्मकांटा रोड पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।नगर निगम द्वारा कोहाड़ापीर क्षेत्र की करीब 80 दुकानों को चिन्हित किया गया है, जिनका कुछ हिस्सा सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहा है। इन सभी दुकानों पर लाल रंग से क्रॉस के निशान लगा दिए गए हैं। यहां तक कि जो दुकानें पहले चिन्हित होने से बच गई थीं, उन्हें भी अब चिह्नित कर लिया गया है।बताया जा रहा है कि निगम ने करीब 20दिन पहले ही इन दुकानों को नोटिस जारी कर दिया था। इसके बावजूद अब कार्रवाई शुरू होने से व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। व्यापारियों का कहना है कि उन्हें पर्याप्त समय और वैकल्पिक व्यवस्था नहीं दी गई, जिससे उनका रोजगार प्रभावित होगा।नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण शहर के ट्रैफिक सुधार और विकास के लिए आवश्यक है। अभियान के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।