बदायूँ। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ग्राम/बस्ती चलो अभियान के तहत मंडल बिनावर में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एमएलसी प्रतिनिधि एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष शारदेन्दु पाठक ने सहभागिता करते हुए कार्यकर्ताओं के साथ स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने पार्टी के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। जनसभा को संबोधित करते हुए शारदेन्दु पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की कार्यशैली सदैव जनता के बीच रहकर सेवा करने की रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मूल मंत्र के साथ समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान में देश में गरीब कल्याण, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सुशासन की मजबूत नींव रखी गई है। कानून व्यवस्था में सुधार, भ्रष्टाचार पर नियंत्रण और विकास कार्यों की तेज गति ने प्रदेश की पहचान को बदलने का कार्य किया है। शारदेन्दु पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की विचारधारा है। ग्राम/बस्ती चलो अभियान इसी सोच का विस्तार है, जिसके माध्यम से कार्यकर्ता सीधे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझते हैं और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रामचरण पाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, पंकज गुप्ता, आदेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।