बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए तमंचे से हवाई फायरिंग करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो में एक युवक खुलेआम फायरिंग करता दिखाई दे रहा था, जिससे आम लोगों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो रहा था। जांच के दौरान युवक की पहचान कार्तिक शर्मा पुत्र दिवाकर शर्मा निवासी मढीनाथ, थाना सुभाषनगर, जनपद बरेली के रूप में हुई। बताया गया कि आरोपी दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर भूड़ा के पास “डगआउट” नाम से रेस्टोरेंट संचालित करता है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को उसके रेस्टोरेंट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वायरल वीडियो पुराना है और उसने गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसा कृत्य न करने की बात कही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी थाना भोजीपुरा में मारपीट व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र कुमार एवं कांस्टेबल रवि कुमार शामिल रहे।