स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन की संगठनात्मक संगोष्ठी हुई
बदायूँ। भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन, बदायूं परिक्षेत्र (क्षेत्र तृतीय) की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक संगोष्ठी उत्साहपूर्वक आयोजित की गई। मीटिंग से पूर्व उपमहामंत्री बदायूं के क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय प्रबंधक एवं समस्त स्टाफ से शिष्टाचार भेंटवार्ता की एवं कुछ महत्वपूर्ण कार्यों पर चर्चा की कार्यक्रम में स्टाफ सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही तथा पूरे आयोजन में संगठनात्मक एकता, उत्साह एवं आपसी सहयोग का वातावरण देखने को मिला।
संगोष्ठी का आयोजन महामंत्री डॉ. दिनेश कुमार सिंह एवं अध्यक्ष कॉमरेड अजय पांडे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उनके दूरदर्शी नेतृत्व एवं प्रेरणादायक विचारों ने कार्यक्रम को नई दिशा प्रदान की।
सभा को संबोधित करते हुए उप महामंत्री कॉमरेड नवीन्द्र कुमार ने सभी सदस्यों से आह्वान किया कि वे निडर होकर, पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ बैंक के दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसी भी प्रकार के अनुचित दबाव में आकर कार्य न करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी सदस्य के साथ कोई अनुचित व्यवहार होता है, तो उसकी सूचना तत्काल संगठन को दी जाए, ताकि संगठन हर परिस्थिति में सदस्यों के साथ मजबूती से खड़ा रह सके।
क्षेत्रीय सचिव कॉमरेड लल्ला बाबू, आंचलिक सचिव कॉमरेड विकास कुमार एवं राजेंद्र प्रसाद शर्मा जी के प्रयासों से महिला एवं युवा सदस्यों की सक्रिय एवं सराहनीय भागीदारी देखने को मिली। सभा में पूर्व क्षेत्रीय सचिव राजेश वर्मा जी भी उपस्थित रहे तथा उन्होंने संगठन की एकता, मजबूती एवं सामूहिक शक्ति पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का सफल संचालन कॉमरेड रजनी सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर बरेली से राजेंद्र प्रसाद शर्मा, विकास कुमार, आनंद प्रकाश सहित शाखा अध्यक्ष अभिनव मिश्रा, सचिव संजीव कुमार, आर.बी.ओ. बदायूं के सचिव अंकुर अग्निहोत्री, ओरछी शाखा सचिव अंकुश सक्सेना, क्षितिज कुमार एवं अन्य अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए।
संगोष्ठी में उपस्थित सभी सदस्यों ने कार्यक्रम को अत्यंत सफल, प्रेरणादायक एवं संगठनात्मक एकता को सुदृढ़ करने वाला बताया।














































































