बरेली। यूथ वेलफेयर कला, साहित्य एवं भारतीय संस्कृति को समर्पित संस्था द्वारा आयोजित रंग कर्म गौरव सम्मान 2026 के सफल आयोजन पर एडीएम (एफआर) संतोष कुमार सिंह एवं वरिष्ठ रंगकर्मी सैयद सिराज अली ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संस्था को बधाई दी। यह कार्यक्रम रविवार को रोटरी भवन में आयोजित किया गया, जिसमें शहर के अनेक रंगकर्मियों व साहित्यकारों ने सहभागिता की। इस अवसर पर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि हिंदी नाटक केवल मंचीय मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज का सशक्त दर्पण है। यह ऐसा माध्यम है जो बिना किसी तकनीकी हस्तक्षेप के सीधे दर्शकों के दिल तक पहुंचता है और कम समय में गहरी बात कहने की क्षमता रखता है। संस्था के अध्यक्ष गोविंद सैनी ने कहा कि इस तरह के आयोजन रंगकर्मियों में नई ऊर्जा का संचार करते हैं और कला-संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में वरिष्ठ रंगकर्मी सैयद सिराज अली को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्था के संरक्षक उमेश प्रजापति, प्रख्यात कवि रोहित राकेश, पवन कालरा, ओमपाल प्रजापति सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।