बरेली। बाबा श्री नीलकंठ मंदिर में वार्षिक उत्सव के अवसर पर 7 अप्रैल से 16 अप्रैल तक संगीतमय शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन शुरू हो गया है। इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।कार्यक्रम का शुभारंभ 7 अप्रैल को शाम 4 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसके बाद शिव महापुराण माहात्म्य का वाचन किया गया। कथा का वाचन राध्या भारद्वाज द्वारा किया जा रहा है, जो अपनी मधुर वाणी से भक्तों को शिव भक्ति में सराबोर करेंगी।मंदिर समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन अलग-अलग प्रसंगों पर कथा का आयोजन किया जाएगा। 8 अप्रैल को शिवलिंग पूजा विधि एवं उत्पत्ति कथा, 9 अप्रैल को नारद मोह एवं गणपति-कुबेर चरित्र, 10 अप्रैल को सती चरित्र, 11 अप्रैल को शिव-पार्वती विवाह, 12 अप्रैल को गणेश एवं कार्तिकेय प्रकट महोत्सव, 13 अप्रैल को त्रिपुरासुर वध एवं तुलसी कथा, 14 अप्रैल को भगवान शिव के विभिन्न अवतारों की कथा तथा 15 अप्रैल को ज्योतिर्लिंग कथा एवं व्यास पूजा का आयोजन होगा।16 अप्रैल को प्रातः 10 बजे हवन-यज्ञ पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन होगा, जिसके बाद दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।मंदिर परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान संरक्षक सतीश सक्सेना, अध्यक्ष पवन अरोड़ा, एसडी शर्मा एवं मीडिया प्रभारी आयुष अग्रवाल ने बताया कि कथा का समय प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक रहेगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक आयोजन का पुण्य लाभ लेने की अपील की।इस अवसर पर महामंत्री अनिल कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष अरविंद रहेजा, सहायक कोषाध्यक्ष डॉ. श्याम माथुर सहित समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।