बदायूँ। जनपद में चलाए जा रहे माल निस्तारण अभियान के तहत जरीफनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम से संबंधित 28 अभियोगों में जब्त शराब को विधिवत नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशानुसार की गई।अभियान के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. ह्रदेश कठेरिया के निर्देशन में तथा न्यायालय अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट सहसवान के आदेशों के अनुपालन में पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया गया। इसके लिए उपजिलाधिकारी सहसवान द्वारा एक समिति का गठन किया गया, जिसमें क्षेत्राधिकारी, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी जरीफनगर और मालखाना इंचार्ज की उपस्थिति में निस्तारण कार्य सम्पन्न कराया गया।पुलिस के अनुसार, विगत वर्षों में दर्ज 28 आबकारी मामलों में जब्त कुल 355 शराब से संबंधित माल को नष्ट किया गया। इसमें 65 बोतल अंग्रेजी शराब, 136 कैन बीयर, 150 पव्वे देशी शराब के साथ ही चार जरीकैन में भरी 40 लीटर कच्ची शराब शामिल रही।अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभियानों से मालखानों में वर्षों से जमा जब्त सामग्री का निपटान होता है और अवैध शराब के विरुद्ध सख्त संदेश भी जाता है। साथ ही न्यायालय के आदेशों के अनुपालन के माध्यम से पारदर्शिता और जवाबदेही को भी सुनिश्चित किया जाता है।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, जिससे कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।