बदायूँ। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता के उद्देश्य से संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। कार्यक्रम में जिला मलेरिया अधिकारी योगेश कुमार सारस्वत, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. कौशल गुप्ता सहित समस्त मलेरिया निरीक्षक, मलेरिया विभाग का स्टाफ, अर्बन कोऑर्डिनेटर एवं अर्बन आशा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता की। रैली के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों से बचाव, साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल और मच्छरों से सुरक्षा के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान जिले में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा, जिसमें घर-घर जाकर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जाएगी। साथ ही, जलभराव रोकने, नियमित सफाई और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जाएगा। विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि जनसहभागिता से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन करें और अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखें, ताकि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।