बरेली। नाथ नगरी में हनुमान जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में इस वर्ष भी श्री बालाजी महाराज की 5वीं भव्य शोभायात्रा शनिवार को धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ निकाली जाएगी। कार्यक्रम के तहत गुरुवार 2 अप्रैल को सुन्दरकाण्ड पाठ सायं 4:00 बजे एवं आरती सायं 6:00 बजे श्री बाला जी दरबार, 578 साहूकारा में आयोजित होगी। शनिवार 4 अप्रैल को शोभायात्रा दोपहर 1:00 बजे जैन मंदिर रामपुर गार्डन से प्रारंभ होकर कालीबाड़ी, शिवाजी मार्ग, कुतुबखाना, बड़ा बाजार, किला एवं अलखनाथ मुख्य मार्ग से होते हुए पुनः श्री बाला जी दरबार पर सम्पन्न होगी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां शामिल रहेंगी, जिनमें गणपति महाराज, बाहुबली हनुमान जी, भोलेनाथ, छोटे हनुमान जी, पंचमुखी हनुमान जी, महाकाल अखाड़ा, शिव-सती, राधा-कृष्ण एवं राम दरबार की झांकियां विशेष आकर्षण होंगी। साथ ही बाहुबली हनुमान जी का स्वरूप धारण किए कलाकार पैदल यात्रा में शामिल रहेंगे। शोभायात्रा के उपरांत महाआरती, मनोकामना एवं संकटमोचन महायज्ञ के साथ भंडारा प्रसाद और छप्पन भोग का वितरण किया जाएगा। प्रेस वार्ता में महंत अभिषेक मिश्रा, उप महंत आयुष मिश्रा, विकास मेहरोत्रा, पंडित श्रीकांत शर्मा, आलोक अवस्थी, संदीप अग्रवाल, किरण मिश्रा, हेमा शर्मा, श्वेता मिश्रा, रेणु अग्रवाल, आरती सक्सेना और रितु अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।