यूपी में 23 अगस्त से कक्षा 6 से 8 तक और 1 से 5 तक के स्कूल 1 सितंबर से खुलेंगे
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने स्कूल-कॉलेज फिर से खुलने का फैसला लिया था. इसी कड़ी में सोमवार को टीम-9 के अधिकारियों को निर्देश देते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रक्षाबंधन के उपरांत 23 अगस्त से 6वीं से 8वीं तक और 1 सितंबर से कक्षा 1 से 5वीं तक के विद्यालयों में पठन-पाठन सुनिश्चित किया जाए. राज्यस्तरीय स्वास्थ्य विशेषज्ञ सलाहकार समिति की अनुशंसाओं के अनुरूप सोमवार से माध्यमिक, उच्च, प्राविधिक और व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों में 50 फीसदी क्षमता के साथ पठन-पाठन प्रारंभ हो रहा है. सभी जगह कक्षाएं दो पाली में चलेंगी. कोविड प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखा जाएगा.
इससे पहले सरकार ने 16 अगस्त से 9वीं कक्षा से 12वीं कक्षा तक के लिए स्कूल, विश्वविद्यालय, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों को खोलने का फैसला लिया था. इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से पहले ही शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं. कक्षाओं का संचालन दो पालियों में किया जाएगा. पहली पाली सुबह 8 से 12 बजे तक और दूसरी दोपहर 12.30 से 4.30 बजे तक चलेगी. दोनों ही पालियों में 50 फीसदी विद्यार्थियों की संख्य रहेगी. छात्र अभिभावक की अनुमति के बाद ही पढ़ाई के लिए स्कूल आ सकेंगे. माध्यमिक स्कूलों में सोमवार से शुक्रवार तक पढ़ाई होगी. सभी विद्यार्थियों को मास्क लगाकर आना अनिवार्य किया गया है.
हालांकि, कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के लिए हर सेशन में केवल 50 प्रतिशत छात्रों को कक्षाओं में भाग लेने की अनुमति दी गई है. सीएमएस के संस्थापक डॉ. जगदीश गांधी ने बताया कि दोनों शिफ्टों में कक्षाएं चलेंगी. इसके लिए परिसर को सैनिटाइज कर लिया गया है. साथ ही छह-छह फीट की दूरी पर गोले बनाए गए हैं. छात्रों को गेट पर सैनिटाइज कर मास्क भी दिए जाएंगे. रोजाना कक्षाओं को सैनिटाइज किया जाएगा. परिसर में कोविड नियमों का पालन करने के लिए जगह-जगह पोस्टर लगाए गए हैं.














































































