बरेली। शहर के रामपुर गार्डन स्थित बिजली विभाग के एक गोदाम में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गार्डन में स्थित बिजली विभाग के गोदाम में पुराने व खराब बिजली मीटर रखे हुए थे। अचानक आग लगने से गोदाम में रखे हजारों मीटर जलकर नष्ट हो गए। आग की लपटें तेज होने के कारण आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) मनु सिंह ने बताया कि गोदाम में आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल टीम को भेजा गया, जिसने समय रहते आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि गोदाम में कोई बिजली कनेक्शन नहीं था, ऐसे में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं बिजली विभाग के कर्मचारी विनय कुमार ने बताया कि यह गोदाम खराब मीटर रखने के लिए इस्तेमाल होता था। उन्होंने आशंका जताई कि बाहर सूखे पत्तों में लगी आग की चिंगारी गोदाम तक पहुंचने से यह हादसा हुआ हो सकता है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।