बरेली। सेठ दामोदर पार्क में सोमवार को भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुरजीत सिंह यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने धरने पर बैठे पीड़ित परिवार से मुलाकात की। बताया गया कि सनराइज अस्पताल में भर्ती ओवैस यादव का सही इलाज न होने के कारण उसकी मृत्यु हो गई, जिसके विरोध में परिजन पिछले एक सप्ताह से धरने पर बैठे हैं।प्रतिनिधिमंडल को सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर परिवार से पूरी घटना की जानकारी ली और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। जिला अध्यक्ष ने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार सुबह पीड़ित परिवार के साथ जिलाधिकारी से मुलाकात कर न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित कराने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी। इस दौरान पप्पू यादव, नरेंद्र यादव, प्रशांत यादव, महेश प्रजापति, मंडल अध्यक्ष मोहित पांडे, नीतीश मौर्य, नवल यादव, बृजेश यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।