बरेली। बरेली मंडल के विभिन्न विभागों के ईपीएस-95 पेंशनर्स की मासिक बैठक राष्ट्रीय संघर्ष समिति के मंडल अध्यक्ष ए.के. अरोरा की अध्यक्षता में सोमवार को पुराने बस स्टैंड पर आयोजित हुई। बैठक में उमेश चन्द्र जौहरी, जे.पी. मेहरोत्रा, अशोक कुमार मिश्रा, वेद पाल सिंह, सुनील कुमार कंचन, महेश कुमार अग्रवाल, नरेन्द्र प्रकाश सक्सेना, संजीव कुमार मेहरोत्रा, अनूप कुमार अग्रवाल व मुजक्किर भाई समेत कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे।वक्ताओं ने पेंशनर्स की लंबित मांगों को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने ₹7500 न्यूनतम पेंशन के साथ महंगाई भत्ता, पेंशनर्स दंपति को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा, उच्च वेतन पर बिना भेदभाव पेंशन स्वीकृति तथा योजना से वंचित सदस्यों को ₹5000 मासिक पेंशन दिए जाने की मांग उठाई।बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि 2 अप्रैल 2026 तक संसदीय समिति की सिफारिशें लागू नहीं हुईं, तो “करो या मरो” के तहत रेल रोको आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत 30 मार्च को ईपीएफओ कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। अंत में दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि देकर सभा समाप्त हुई।