बरेली। प्रेमनगर स्थित वाल्मीकि साधु आश्रम में शनिवार को वाल्मीकि धर्मगुरु महंत बाबा सागर दास की 30वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाई गई। इस अवसर पर द्विदिवसीय वाल्मीकि संत समागम का शुभारंभ शंखनाद एवं महाआरती के साथ हुआ। कार्यक्रम में संत समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वाल्मीकि पीठाधीश्वर स्वामी बबला दास ने विभिन्न प्रांतों से पधारे संतों का परिचय संगत से कराया। शाम के समय दिनेश सत्संगी एवं सुरजीत सिंह द्वारा सुखमणि साहब का पाठ किया गया, जिसके बाद विराट शंखनाद के साथ महाआरती आयोजित हुई। आश्रम के महंत स्वामी शंकरदास ने महाआरती संपन्न कराई। वहीं पंजाब से पधारे वाल्मीकि पीठाधीश्वर स्वामी बलवीर सिंह सोंधी ने गुरु महाराज बाबा सागर दास के जीवन वृत्तांत पर प्रकाश डाला। द्विदिवसीय कार्यक्रम के प्रथम दिवस में विभिन्न स्थानों से संतों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिनमें स्वामी रतन दास (मेवात), साध्वी संतोष दास (पंजाब), स्वामी प्रेमानंद (अमृतसर), स्वामी ब्रह्मदास, स्वामी गोविंद दास, स्वामी धनीदास सहित अनेक संत शामिल हुए। कार्यक्रम में वाल्मीकि आश्रम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं केंद्रीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद सदस्य तथा स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्रालय के सलाहकार मनोज थपलियाल, सचिव योगेश कुमार, विकास महर्षि, हरिसिंह वरदान, महेंद्र पाल राही, राम बहादुर, दिनेश सत्संगी, बंटी सिंह, अरविंद वाल्मीकि, विकास पासवान, अजय चौहान, राजेंद्र पार्टनर, विशाल बिंदु, रंजीत कोठारी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।