बरेली। शहर के प्राचीन एवं भव्य बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में आज संतोष गंगवार ने अपने बरेली प्रवास के दौरान पहुंचकर नवनिर्मित जगजननी मां भवानी मंदिर में दर्शन, पूजन एवं अर्चन किया। इस अवसर पर उनके साथ मीरगंज विधायक डा डी सी वर्मा भी मौजूद रहे। मंदिर पहुंचने पर मंदिर सेवा समिति के पदाधिकारियों ने राज्यपाल का भव्य स्वागत किया। मंदिर सेवा समिति की ओर से प्रताप चन्द्र सेठ, मीडिया प्रभारी संजीव औतार अग्रवाल, सुभाष मेहरा सहित अन्य सदस्यों ने राज्यपाल संतोष गंगवार एवं डा. डीसी वर्मा का स्वागत एवं अभिनंदन किया। दर्शन के उपरांत राज्यपाल ने नवनिर्मित जगजननी मां भवानी मंदिर की भव्यता की सराहना करते हुए मंदिर सेवा समिति को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस मंदिर का निर्माण अत्यंत अलौकिक है और इसकी ख्याति पूरे भारतवर्ष में फैलेगी, जिससे दूर-दराज से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंच सकेंगे। कार्यक्रम में मंदिर सेवा समिति के प्रताप चन्द्र सेठ, संजीव औतार अग्रवाल, सुभाष मेहरा, नवीन गोयल सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।