बरेली। ईद जैसे महत्वपूर्ण त्यौहार से पहले फरवरी माह का वेतन न मिलने से आउटसोर्सिंग कर्मियों में भारी रोष व्याप्त है। इस गंभीर समस्या को लेकर शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद, बरेली के जिलाध्यक्ष हरी शंकर ने कड़ा विरोध जताते हुए प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट किया है। जिलाध्यक्ष हरी शंकर ने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मी पहले से ही सीमित मानदेय में अपने परिवार का भरण-पोषण करने को मजबूर हैं। ऐसे में त्योहार के समय वेतन का समय पर न मिलना उनके लिए आर्थिक संकट खड़ा कर देता है। ईद जैसे पर्व पर जब परिवार की आवश्यकताएं बढ़ जाती हैं, तब वेतन का विलंब होना कर्मियों के साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार और संबंधित विभागों द्वारा समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इनका पालन नहीं हो रहा है। यह लापरवाही न केवल कर्मियों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित कर रही है, बल्कि उनके मनोबल को भी गिरा रही है। शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से फरवरी माह का वेतन जारी किया जाए, ताकि कर्मी अपने परिवार के साथ ईद का पर्व सम्मानपूर्वक मना सकें। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी समाधान भी सुनिश्चित किया जाए।