बदायूं। जनपद में सड़कों की जर्जर स्थिति से जूझ रही जनता को बड़ी राहत मिली है। एमएलसी वागीश पाठक के प्रयासों से बिसौली विधानसभा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। वी.के.के. मार्ग से सहानपुर-सुजानपुर मार्ग के नवीनीकरण एवं चौड़ीकरण के लिए शासन स्तर से 6 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। बताया जाता है कि विगत दिनों एमएलसी वागीश पाठक ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर इस मार्ग की बदहाल स्थिति से अवगत कराया था। उन्होंने क्षेत्रीय जनता की परेशानियों को प्रमुखता से रखते हुए शीघ्र समाधान की मांग की थी। मुख्यमंत्री द्वारा मामले का संज्ञान लेते हुए इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को मंजूरी दे दी गई। इसके साथ ही शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम निजामपुर से जलालपुर मार्ग के नवीनीकरण एवं चौड़ीकरण के लिए भी 1.41 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस मार्ग के सुधारीकरण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और स्थानीय विकास को गति मिलेगी। स्थानीय लोगों ने इस निर्णय पर खुशी जताते हुए एमएलसी वागीश पाठक एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से खराब सड़कों के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, जो अब जल्द ही दूर होने की उम्मीद है।