बरेली। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए वाहन चालकों द्वारा नंबर प्लेट में हेरफेर करने के मामले सामने आते रहते हैं, लेकिन इस बार मामला कुछ अलग है। पीड़ित कोई आम नागरिक नहीं बल्कि पुलिस विभाग में तैनात एक होमगार्ड है, जिसकी बाइक का नंबर इस्तेमाल कर किसी अन्य वाहन का चालान कर्मचारी चौकी इंचार्ज ने कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के मेवा पट्टी निवासी मुकेश कुमार पुत्र खेमकरण लाल पुलिस विभाग में होमगार्ड के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में जिला अस्पताल चौकी पर ड्यूटी कर रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि 14 मार्च को उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर यूपी 25 सीएम 7526) खराब हो गई थी, जिसके चलते वह मोटरसाइकिल को घर पर ही छोड़ आए थे मोटरसाइकिल 14 मार्च से घर पर खड़ी है। इसके बावजूद 15 मार्च को थाना इज्जत नगर क्षेत्र की कर्मचारी नगर चौकी इंचार्ज पवन कुमार द्वारा उक्त नंबर पर चालान कर दिया गया। जब पीड़ित ने चालान की फोटो देखी तो उसमें कोई दूसरी मोटरसाइकिल दिखाई दी, जिस पर दो व्यक्ति सवार थे। अब सवाल यह उठता है कि जब बाइक घर पर खड़ी थी तो उसी नंबर पर दूसरी बाइक का चालान कैसे हो गया। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाया है या नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई है। पीड़ित होमगार्ड ने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से कर निष्पक्ष जांच की मांग की है और न्याय की गुहार लगाई है।