जनपद में हर्षोल्लास से मनाया गया 75वां स्वतंत्रता दिवस
बदायूं। जनपद में यौमे आज़ादी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ जश्न के रूप में मनाई गई। 75वें स्वतंत्रता दिवस पर सरकारी कार्यालयों पर ध्वज फहराया, शहीद स्मारकों पर पुष्पांजलि, श्रद्धांजलि देकर अमर शहीदों को नमन किया गया। सभी तहसीलों, ब्लाक कार्यालयों पर सम्बंधित अधिकारियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

रविवार को 75 वां स्वतन्त्रता दिवस वैश्विक महामारी कोविड-19 को दृष्टिगत रखते हुए बड़ी सावधानी के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी दीपा रंजन ने ध्वज फहरा कर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नरेन्द्र बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु पुनिया, सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार सहित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ राष्ट्रगान भी गाया। डीएम ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हम सब बहुत ही सौभाग्यशाली है कि हमें एक स्वतंत्र देश में जन्म लेने का अवसर प्राप्त हुआ है।

यह भी अवसर मिला है कि हम इस दिवस को बहुत ही ज्यादा हर्षोल्लास से मनाएं। आजादी वास्तव में किसी भी व्यक्ति के जीवन में बहुत महत्वपूर्ण होती है। यदि आप स्वतंत्र नहीं हैं तो फिर चाहे आपके पास कितनी भी सुविधाएं हो जमा पूंजी हो सब व्यर्थ है। और यदि आप स्वतंत्र हैं तो सुविधाएं ना होते हुए भी आगे बढ़ सकते हैं और एक अलग मुकाम हासिल कर सकते हैं। यह हमारे वीर शहीदों को नमन करने व उनको श्रद्धांजलि अर्पित करने का दिन है। जो भारत हमारे बुजुर्गों ने देखा है और अब बहुत बड़ा अंतर है। ग्रामीण विकास से लेकर डिजिटल इंडिया तक कई सारे ऐसे मुकाम है जहां भारत ने अपना लोहा मनवाया है ऐसे मौकों पर हम स्वयं को भारतीय होने पर गर्व महसूस करते हैं। विश्व में एक हमारी पहचान स्थापित हुई है। यह शब्दों से नहीं बल्कि कर्मों से धन्यवाद देने का अवसर है। हम जहां भी हो अपने कर्तव्यों का ठीक ढंग से पालन करें। अपने आसपास के लोगों को आगे बढ़ाने एवं उनको भी सफलता का एहसास कराने के लिए प्रयास करना चाहिए।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नरेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि सब जानते ही हैं कि स्वतंत्रता हमें कितने लंबे अरसे की लड़ाई के बाद मिली है। ईस्ट इंडिया कंपनी व्यापारिक कंपनी के रूप में भारत में आई लेकिन इसका इरादा कुछ और था। उसने हमारे देश के संसाधनों को पकड़ लिया उन्होंने पाया कि हमारे देश का प्रत्येक आदमी एक दूसरे से लड़ने को तैयार है इसी को उन्होंने हथियार बनाया। यहां का शासन सीधे ब्रिटिश शासन द्वारा चलाया जाने लगा। आज भी बहुत सारी जगह पर इस प्रकार की चीजें देखने को मिलती रहती हैं। कितनी ही लड़ाईयों के बाद हम इन सब चीजों को पीछे छोड़ कर आए हैं लेकिन आज भी यह देखने को मिल जाती हैं। कि हम एक दूसरे से छोटी-छोटी बातों पर इस तरह से लड़ जाते हैं। यह सब चीजें नहीं होनी चाहिए छोटी-छोटी बातों को आपस में बैठकर सुलझा लेना चाहिए झगड़ा करने से कोई तीसरा व्यक्ति आपस में फायदा उठा लेता है इसका खास ख्याल रखना चाहिए।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु पुनिया ने स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जो भरा नहीं है भावों से, बहती जिसमें रस-धार नहीं। वह हृदय नहीं है पत्थर है, जिसमें स्वदेश का प्यार नहीं। पढ़ना, लिखना, बताना और सुनना, यह सब चीजें तब सार्थक होती हैं, जब इनका अपने जीवन में पालन करना शुरू कर दें, जब चीजों को हम धारण करते हैं तो वह हम कहीं ना कहीं हमारी जीवन का अंग बन जाती है और जब अंग बनती है तो कल्चर बनती है, कल्चर बनती हैं तो सभ्यता का हिस्सा बनती है और जब सभ्यता का हिस्सा बनती है तो उस क्षेत्र और देश के नाम से जानी जाती है। हाल ही में ओलंपिक खेलों में हमारे देश का प्रदर्शन बहुत ही शानदार रहा। उन ओलंपिक विजेताओं ने यह साबित करके दिखाया है कि लोग अपने काम से ही जाने जाते है। जब यह खिलाड़ी मेडल जीतते हैं तो देश का सीना गर्व से चैड़ा होता है।

कलेक्ट्रेट स्थित शहीद स्थल एवं अन्य स्मारकों पर जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया। डीएम ने सीडीओ, नगर पालिका अध्यक्ष के साथ गांधी नेत्र चिकित्सालय में भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया एवं ध्वजारोहण किया।
यहां मुख्य विकास अधिकारी निशा अनंत ने 75 वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि अपने आने वाली पीढ़ी को ऐसे संस्कार दें वह देश को आगे लेकर जाएं। अपनी आजादी को ऐसे ही जाया ना करें जो हमें विरासत में मिली है, उसको संजोकर रखे देश को प्रगति की ओर लेकर जाएं जहां जो भी काम कर रहे हो उसमें अपना शत प्रतिशत योगदान दें एक अच्छे नागरिक होने का परिचय देते हुए देश को आगे ले जाने के लिए संकल्पित हो।
नगर पालिका परिषद की चेयरमैन दीपमाला गोयल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। आजादी के पर्व को यूं ही जाने ना दें अपने बच्चों को बताएं कि आजादी क्यों और कैसे मिली है बलिदान और आजादी के दीवानों की गाथाओं को अपने बच्चों के साथ साझा अवश्य करें।

डीएम ने एसएसपी एवं सीडीओ व बदायूँ क्लब बदायूँ क्लब के सचिव अक्षत अशेष व अन्य सदस्यों के साथ में भी ध्वज फहराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने कहा कि देश बनता है लोगों से इसलिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण लोग हैं। यह हमें हमेशा याद रखना चाहिए। कोशिश करें कि हमसे कभी किसी का बुरा ना होने पाए अच्छा ही हो। यही असली देशभक्ति है कि हम देश के साथ लोगों का भी भला करें। यहां डीएम व एसएसपी ने सांस्कृतिक व अन्य कार्यक्रमों में विजयी बच्चों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित भी किया।













































































