बरेली। ईद की खरीददारी के दौरान इंद्रा मार्केट में अपनी मां से बिछड़ा 4 वर्षीय मासूम पुलिस की तत्परता से सुरक्षित मिल गया। जानकारी के अनुसार आसमा पत्नी ताहिर निवासी ग्राम परतापुर सहाय, थाना इज्जतनगर अपने बच्चों के साथ ईद की खरीददारी करने के लिए इंद्रा मार्केट, थाना कोतवाली क्षेत्र में आई थीं। खरीददारी के दौरान उनका 4 वर्षीय पुत्र अमान अचानक भीड़ में कहीं गुम हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला तो पीड़िता आसमा ने डायल 112 और चौकी बिहारीपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली व चौकी बिहारीपुर पुलिस टीम ने त्वरित और संवेदनशीलता के साथ बच्चे की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आसपास के बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर खोजबीन की। काफी प्रयासों के बाद बच्चा कुतुबखाना मार्केट में सुरक्षित अवस्था में घूमता हुआ मिला। पुलिस टीम उसे तुरंत थाना कोतवाली लेकर आई और पीड़िता आसमा को सूचना देकर थाने बुलाया गया। इसके बाद बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे को सकुशल पाकर मां ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।