बरेली। थाना सीबीगंज क्षेत्र के कासमपुर निवासी हरीराम ने अपनी जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित हरीराम का कहना है कि उनकी जमीन को लेकर वर्ष 2023 से मुकदमा चल रहा था, जिसमें उनके पक्ष में आदेश भी हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद विरोधी पक्ष उन्हें कब्जा नहीं लेने दे रहा है। हरीराम के अनुसार प्रेम शंकर, प्रेमराज, लक्ष्मण प्रसाद, हरीश, लालाराम और भगवान दास नाम के लोगों ने उनकी जमीन पर कब्जा कर रखा है। उनका आरोप है कि उक्त लोग जबरन जमीन पर निर्माण कार्य भी कर रहे हैं और उसी जमीन पर अस्पताल भी संचालित कर रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि जब वह जमीन पर कब्जा लेने की कोशिश करते हैं तो आरोपित लोग उन्हें मारपीट की धमकी देते हैं। इस संबंध में उन्होंने थाना सीबीगंज में भी शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित हरीराम ने बताया कि वह मामले को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और डीएम से शिकायत कर न्याय की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपित लोग उनके ही मोहल्ले और परिवार से जुड़े हुए हैं।