सपा सांसद आदित्य यादव ने जयंती पर काशीराम को याद किया,उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान
बदायूँ। समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव आज डायट ऑडिटोरियम में आयोजित कांशीराम के 92 वें जन्मदिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुएl
इस मौके पर सांसद आदित्य यादव ने कहा कि बहुजन आंदोलन के महानायक काशीराम जी देश के दलित, पिछड़े, गरीब और वंचित समाज को राजनीतिक चेतना देकर उन्हें अधिकार और सम्मान की लड़ाई के लिए संगठित किया।
सांसद आदित्य यादव ने कहा कि कांशीराम जी का जन्म 15 मार्च 1934 को पंजाब के रूपनगर में हुआ था। एक साधारण परिवार में जन्म लेकर उन्होंने असाधारण संघर्ष के माध्यम से बहुजन समाज को राजनीतिक रूप से जागरूक किया और उन्हें लोकतंत्र में हिस्सेदारी का रास्ता दिखाया।
उन्होंने कहा कि कांशीराम जी का प्रसिद्ध नारा “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी” सामाजिक न्याय और समानता की राजनीति का मजबूत आधार है। उन्होंने देश के वंचित समाज को यह समझाया कि लोकतंत्र में केवल वोट देने से ही बदलाव नहीं आता, बल्कि सत्ता और निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी भी जरूरी है। सांसद ने कहा कि आज देश में पीडीए — पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज की जो आवाज मजबूत हो रही है, उसकी वैचारिक प्रेरणा भी मान्यवर कांशीराम जी के संघर्षों से ही जुड़ी हुई है। उनका पूरा जीवन सामाजिक न्याय, समानता और बहुजन समाज को राजनीतिक शक्ति दिलाने के लिए समर्पित रहा।
इस अवसर पर सांसद ने कहा कि समाजवादी आंदोलन ने हमेशा सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी आंदोलन के संस्थापक नेताओं में रहे श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव जी ने गरीब, किसान, मजदूर, दलित और पिछड़े वर्ग के अधिकारों की मजबूती से लड़ाई लड़ी।
उन्होंने कहा कि आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी उसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक न्याय, भाईचारे और समानता की राजनीति को मजबूत कर रहे हैं।
सांसद आदित्य यादव ने कहा कि आज किसान परेशान है, नौजवान बेरोजगारी से जूझ रहा है और महंगाई लगातार बढ़ रही है। ऐसे समय में समाज को बांटने के बजाय विकास, रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर काम करने की जरूरत है उन्होंने कहा कि मान्यवर कांशीराम जी की जयंती पर हम सबको यह संकल्प लेना चाहिए कि उनके विचारों को आगे बढ़ाते हुए समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की आवाज को और मजबूत करेंगे तथा सामाजिक न्याय और बराबरी की राजनीति को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव, डॉ यासीन अली उस्मानी, हिमांशु यादव विधायक, प्रेमपाल सिंह यादव पूर्व विधायक, हाजी बिट्टन पूर्व विधायक, भूपेंद्र दद्दा पूर्व विधायक, सुरेशपाल सिंह चौहान, फखरे अहमद शोबी, उदयवीर शाक्य, रजनीश गुप्ता, खजाना देवी, अवनीश यादव,सुनीता पाल, अमित मथुरिया,सुरेंद्र सागर, सुरेंद्र यादव,मोर सिंह जाटव, सतीश यादव, सुनील यादव,सतीश प्रेमी,अवनीश यादव,रचित गुप्ता,धर्म चंद्र बाल्मीकि, राकेश प्रजापति, नाथूराम कश्यप, मोर सिंह पाल,राम खिलाड़ी कश्यप, दिनेश भट्ट, तरुण शाक्य, डॉ शकील, सहित प्रमुख लोग उपस्थित रहे।














































































