बरेली। बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिला अध्यक्ष राम सिंह मौर्य के नेतृत्व में जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपकर गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतें वापस लेने और महंगाई पर नियंत्रण की मांग की। आप के नेताओं ने कहा कि देश की जनता लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान है और इसका सबसे ज्यादा असर गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 120 रुपये की बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं के साथ होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ज्ञापन में कहा गया कि गैस की बढ़ती कीमतों के कारण कई जगह होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की स्थिति में हैं। मुंबई में करीब 20 प्रतिशत होटल बंद हो चुके हैं, जबकि तमिलनाडु में लगभग 10 हजार होटल-रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर हैं। पार्टी ने मांग की कि गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई बढ़ोतरी वापस ली जाए, पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति बनाई जाए और गरीब व मध्यम वर्ग को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए।