बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप-निरीक्षक (SI), समकक्ष भर्ती परीक्षा को लेकर जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 14 और 15 मार्च को बरेली के 19 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। दो दिनों तक चलने वाली इस महा परीक्षा में कुल 32,640 अभ्यर्थी शामिल होंगे।परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। अविनाश सिंह और अनुराग आर्य ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्रों पर तैनात मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी और परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत रखी जाएगी, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।