अलविदा की नमाज व ईद पर कड़े सुरक्षा प्रबंध, मजिस्ट्रेट तैनात
बदायूं : 12 मार्च। आगामी अलविदा की नमाज व ईद-उल-फितर पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि23 स्थल व क्षेत्र के लिए एक-एक मजिस्ट्रेट, नगर क्षेत्र के 12 स्थानों के लिए एक-एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट, इसके अतिरिक्त 13 अधिकारियों को आरक्षित मजिस्ट्रेट के रूप में नामित किया गया है।डीएम ने बताया कि जनपद के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतत भ्रमण करते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ पोस्टर, पम्फ्लेट या सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग एवं यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। बाजारों, मस्जिदों एवं ईदगाहों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
डीएम ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को सूचना दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।











































































