बरेली। तहसील आंवला क्षेत्र के ग्राम मजनूपुर निवासी तहसीन बेगम पत्नी अजीमउद्दीन ने ग्राम प्रधान पर जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाते हुए मंडलायुक्त से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। तहसीन बेगम ने बताया कि गाटा संख्या 197, रकबा 0.8858 में उनका आधा हिस्सा है, जिसे चकबंदी अधिकारी द्वारा मौके के निरीक्षण के बाद पूर्व जोत और कब्जे के अनुसार निर्धारित किया गया था।उन्होंने आरोप लगाया कि सहखातेदार जमीलन और उसके पुत्र, वर्तमान ग्राम प्रधान शकील बाबू, बेईमानी की नीयत से उनके हिस्से की जमीन पर भी चक बनवाने का प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए डीडीसी बरेली में निगरानी संख्या 316 धारा 48 के तहत मामला लंबित है। तहसीन बेगम का कहना है कि मामले में दबाव बनाने के लिए अधिकारियों के यहां कई बार पैरवी की गई, जिससे उन्हें निष्पक्ष न्याय मिलने की उम्मीद कम हो गई है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान के रिश्तेदार गुड्डू द्वारा अधिकारियों से संपर्क कर दो लाख रुपये लेने की बात कही गई और जमीन का पूरा चक बनवाने का आश्वासन दिया गया। तहसीन बेगम ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।