बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 11 मार्च को अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बारादरी की पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चौकी प्रभारी जगतपुर उप निरीक्षक कुशलपाल सिंह चीता मोबाइल टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सम्राट अशोक नगर जाने वाले रास्ते से साहिल गद्दी (22) पुत्र यासीन निवासी चक महमूद, निकट गांधी मूर्ति थाना बारादरी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध 12 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस मामले में थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह केवल पांचवीं कक्षा तक पढ़ा है और हरियाणा में मजदूरी करता है। उसने अपनी धाक जमाने के लिए हरियाणा से अवैध तमंचा खरीदा था और ईद की छुट्टी पर घर आया हुआ था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ बारादरी थाने में पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय, उप निरीक्षक कुशलपाल सिंह, हेड कांस्टेबल लोकेन्द्र कुमार और कांस्टेबल यश गौड़ शामिल रहे।