बरेली । फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के अगरास–अभयपुर रोड पर मंगलवार शाम एक अनियंत्रित दूध के टैंकर की टक्कर से बाइक सवार दंपती हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार थाना शाही क्षेत्र के गांव केरा निवासी यशपाल गंगवार अपनी पत्नी भावना गंगवार (40) के साथ मंगलवार को गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर कस्बा सोरहा दवा लेने गए थे। दोपहर बाद करीब चार बजे डॉक्टर से दवा लेने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भोजीपुरा की ओर से आ रहा एक अनियंत्रित दूध टैंकर पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मारते हुए निकल गया। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और पीछे बैठी भावना गंगवार सड़क किनारे गिरकर टैंकर के पहिए के नीचे आ गईं। वहीं यशपाल गंगवार भी घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस की मदद से खिरका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने भावना गंगवार को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद टक्कर मारकर भाग रहे टैंकर को पुलिस ने अगरास मोड़ के पास पकड़ लिया और थाने में खड़ा करा दिया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका भावना अपने पीछे पति यशपाल गंगवार और दो बच्चों को एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।