बरेली। बगरैन गोदाम से चार करोड़ रुपये के अनाज घोटाले के मामले को लेकर किसान सत्याग्रह समिति के संयोजक डॉ. हरीश कुमार गंगवार के नेतृत्व में किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल बदायूं पहुंचा। जिलाधिकारी से मुलाकात न होने पर प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) से मिलकर अपनी मांगें रखीं। किसानों ने बताया कि 17 जनवरी 2026 से गांधी पार्क बरेली में सत्याग्रह चल रहा है। आरोप है कि आर्य एजी ग्रुप द्वारा बगरैन गोदाम से 1031 मीट्रिक टन अनाज हड़प लिया गया, जिससे करीब 4000 छोटे और सीमांत किसानों को भारी नुकसान हुआ। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमकार सिंह ने दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी, लूटी गई फसल का करीब चार करोड़ रुपये का भुगतान और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी गठन की मांग की। अधिवक्ता दिनेश कुमार दद्दा ने कहा कि 27 जनवरी को बनी जांच समिति की अब तक कोई लिखित रिपोर्ट नहीं दी गई है। किसान नेताओं केपी सिंह राठौर और विपिन पटेल ने कहा कि 52 दिन से चल रहा सत्याग्रह तब तक जारी रहेगा जब तक किसानों को न्याय नहीं मिल जाता। इस दौरान कई किसान नेता और प्रतिनिधि मौजूद रहे।