बरेली। जन सेवा सहायक पार्टी द्वारा सर्किट हाउस बरेली में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के बाद पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। सम्मेलन का शुभारंभ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओ.पी. सिंह लोधी ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराध पर सरकार का नियंत्रण कमजोर होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए आज भी अकेले घर से निकलना सुरक्षित नहीं है। बिजली व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में 18 घंटे भी बिजली उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जबकि बिजली उत्पादन की क्षमता अन्य राज्यों से अधिक बताई जाती है। उन्होंने प्रदेश में मुफ्त बिजली की व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई। चिकित्सा व्यवस्था पर भी उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल खुद बदहाल स्थिति में हैं, जबकि निजी अस्पतालों में मरीजों से भारी फीस और अनावश्यक जांच के नाम पर पैसा वसूला जा रहा है। उन्होंने युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। ओ.पी. सिंह लोधी ने कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, मुफ्त बिजली, पानी और चिकित्सा सुविधा देने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मिश्री लाल राजपूत सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय, प्रदेश सचिव रामसूरत चौहान, मकदूम भाई, डॉ. राजाराम, निशांत लोधी एडवोकेट, राजपाल लोधी , सुबोध मिश्रा , मनसुख राजपूत , अनिल प्रकाश , राजेंद्र प्रसाद और सोमदत्त सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।