बरेली। भारतीय तैलिक साहू राठौर महासभा उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में रविवार को साहू-राठौर-मोदी समाज का होली मिलन समारोह एक वेंकट हॉल में बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक एकता पर जोर दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आईपीएस बबीता साहू रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में समाज को शिक्षा के प्रति जागरूक होने और नई पीढ़ी को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति शिक्षा और जागरूकता से ही संभव है, इसलिए सभी को मिलकर युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रयास करना चाहिए। समारोह में उपस्थित समाज के वक्ताओं ने राजनीतिक भागीदारी को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि समाज को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है। वक्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समाज को उचित भागीदारी नहीं दी गई तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका असर देखने को मिल सकता है। इस अवसर पर डॉ. पी.पी. माथुर, आनंद साहू, सेवाराम राठौर, चिंतामणि साहू, प्रेम शंकर राठौर, विनोद साहू, राजाराम साहू, कुंवर सेन साहू, शिवराम, राकेश साहू, मुन्ना लाल राठौर, लक्ष्मी नारायण राठौर, अशोक गुप्ता सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।