बरेली। शहर की ऐतिहासिक राम बारात के दौरान सोमवार को गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। अमन कमेटी के पदाधिकारियों ने राम बारात का भव्य स्वागत करते हुए पुष्प वर्षा की और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। जगह-जगह मंच सजाकर बारातियों पर फूल बरसाए गए, जिससे पूरा वातावरण खुशबू और उत्साह से भर उठा। कार्यक्रम के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द और एकता का संदेश प्रमुखता से दिया गया। कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा, “बरेली का अमन और भाईचारा हमारी पहचान है। राम बारात का स्वागत हमारी साझा संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है।” उन्होंने शहरवासियों से आपसी प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर शासन-प्रशासन की मुस्तैदी भी देखने को मिली। अधिकारियों की निगरानी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। डॉ. कदीर अहमद के निर्देशन में आयोजित स्वागत समारोह में सादिया गौस, मनोज भारती, रामनिवास शर्मा, डॉ. सहाबुद्दीन, दिनेश बाजपेई, सरदार अमरजीत सिंह, अफसर खान, शाद हुसैन, पाकीजा खान, शाहरुख खान, मो. नदीम खान, जमील अहमद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।