बरेली। पीस कमेटी ऑफ इंडिया की अध्यक्षता में शहर में चार स्थानों पर कैंप लगाकर राम बारात का भव्य स्वागत किया गया। पहला कैंप दरगाह आला हजरत, बिहारीपुर मोड़ पर मुस्लिम समाज द्वारा लगाया गया, जहां पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जल वितरण कर राम बारात में शामिल श्रद्धालुओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखते हुए एक-दूसरे को होली की मुबारकबाद और शुभकामनाएं दी गईं। दूसरा कैंप पुराने रोडवेज के सामने नईम खान की अध्यक्षता में लगाया गया, जहां राम बारात का जोरदार स्वागत किया गया। तीसरा कैंप शहामतगंज और चौथा कैंप साहू गोपीनाथ क्षेत्र में स्थापित किया गया, जहां मुस्लिम समाज के लोगों ने भारी संख्या में पहुंचकर पुष्पवर्षा करते हुए स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ फर्स्ट आशुतोष शिवम, सीओ संदीप सिंह, सीओ थर्ड पंकज श्रीवास्तव तथा बारादरी थाना धनंजय पांडेय का भी सम्मान किया गया। इस मौके पर कैंपों में हिंदुस्तान की अमन-शांति के लिए दुआ की गई और विदेशों विशेषकर इजरायल, ईरान सहित अन्य देशों में फंसे भारतीयों की सकुशल वापसी की कामना की गई। कार्यक्रम में नदीम इकबाल, असलम खान, मोनू खान, सोनू खान, सैयद सलमान, इमरान, नईम खान, बिलाल खान, मोंटू सक्सेना और गुरु जनार्दन आचार्य सहित मुस्लिम समाज के तमाम लोग मौजूद रहे।