बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने फर्जी तरीके से जमीन बेचकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 90 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और तीन फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। साथ ही ठगी की रकम में से 2 लाख रुपये बैंक खाते में होल्ड कराए गए हैं। ऐसे दिया वारदात को अंजामपीड़ित मो. अजीम निवासी नवाबगंज समेत अन्य लोगों से आरोपियों ने ग्राम मझौआ, थाना भोजीपुरा क्षेत्र की जमीन का फर्जी इकरारनामा कराने के नाम पर कुल 4 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने 40 हजार रुपये ऑनलाइन और 3 लाख 60 हजार रुपये नकद वसूल किए। इस संबंध में थाना भोजीपुरा मे मुकदमा दर्ज किया गया। फर्जी दस्तावेजों से करते थे सौदा पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों पंकज कुमार सक्सेना निवासी अम्बेडकर नगर, इज्जतनगर सतपाल निवासी रमियापुर, भोजीपुरा नन्द किशोर निवासी बाग ब्रिकटांग, सुभाषनगर ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ऐसे लोगों की जमीन चिन्हित करते थे जो बाहर रहते हैं। जमीन का गाटा नंबर निकालकर असली मालिक के नाम से फर्जी आधार कार्ड तैयार कराते थे और फर्जी बैंक खाता खुलवाकर सौदा तय कर लेते थे। हाल ही में आरोपियों ने ग्राम मंबई स्थित 10 बीघा जमीन का सौदा 12 लाख रुपये प्रति बीघा के हिसाब से किया था और बयाने के रूप में 4.40 लाख रुपये लिए थे। इकरारनामा के दौरान पहचान हो जाने पर आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने उनके कब्जे से बयाने की रकम में से 1.90 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। पुलिस की कार्रवाई 2 मार्च को थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नया अपना ढाबा के पीछे भोजीपुरा क्षेत्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।