बरेली। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में 1 मार्च को बरेली पुलिस द्वारा शहर में विशेष पैदल गश्त निकाली गई। अपर पुलिस महानिदेशक तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से बिहारीपुर चौकी क्षेत्र से कुतुबखाना चौराहा तक पुलिस बल के साथ पैदल मार्च किया। गश्त के दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, सुश्री अंजना दहिया (सहायक पुलिस अधीक्षक), क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन द्वारा होली को लेकर शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त, नाकाबंदी, वाहन चेकिंग तथा पीस कमेटी की बैठकों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे होली का पर्व पारंपरिक तरीके से प्रेम और सद्भाव के साथ मनाएं, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम थाना/चौकी या डायल-112 पर दें।