बदायूँ । जिला सेवायोजन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय बदायूँ द्वारा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बदायूँ एवं कौशल विकास मिशन के सहयोग से 27 फरवरी 2026 को पूर्वाहन 1100 बजे से वृहद रोजगार मेले का आयोजन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सालारपुर में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्र की लगभग 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी, जिनके माध्यम से विभिन्न पदों पर साक्षात्कार/चयन की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। यह रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने हेतु अभ्यर्थियों की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल से लेकर स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक एवं कौशल विकास डिप्लोमा निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए।जिला सेवायोजन अधिकारी ने जनपद के अधिकाधिक बेरोजगार युवक-युवतियों से अपील की है कि वे इस रोजगार मेले में प्रतिभाग कर अवसर का लाभ उठाएं।