स्काउट भवन में चिंतन व सेवा दिवस पर गूंजा निस्वार्थ सेवा का संदेश
बदायूं। स्काउट भवन एवं प्रशिक्षण केंद्र पर स्काउटिंग के जन्मदाता लॉर्ड बेडेन पावेल का 170वां जन्मदिवस “चिंतन दिवस” तथा लेडी बेडेन पावेल का 138वां जन्मदिवस “सेवा दिवस” के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।पदाधिकारियों एवं स्काउट-गाइड ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर निस्वार्थ सेवा, अनुशासन और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त एडवोकेट महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि स्काउटिंग केवल एक वर्दीधारी संगठन नहीं, बल्कि युवा शक्ति को कर्त्तव्य, चरित्र निर्माण और नेतृत्व क्षमता से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है और स्काउटिंग यह कार्य प्रभावी ढंग से कर रही है।
सहायक प्रादेशिक संगठन कमिश्नर नेहा कटियार ने प्रादेशिक संस्था द्वारा आयोजित होने वाले आगामी प्रशिक्षण शिविरों, बीएड, डीएलएड, रोवर-रेंजर, स्काउट-गाइड, कब-बुलबुल के प्रगतिशील प्रशिक्षणों, सेवा शिविरों और जनजागरूकता अभियानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण तथा बालिकाओं के सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम शीघ्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिला आयुक्त रोवर डा.मनवीर सिंह ने कहा कि स्काउटिंग व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का माध्यम है। यह बच्चों और युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और सेवा भाव विकसित करती है, जो उन्हें जीवन में सफल और जिम्मेदार नागरिक बनाती है।
इस मौके पर विनोद कुमार सक्सेना, आलोक कुमार पाठक, डा. सरिता गौतम, महीपाल सिंह तोमर, सुभाष मैथिल, ओम प्रकाश शर्मा, ओमपाल यादव, डीटीसी सत्यपाल गुप्ता, सीमा यादव आदि मौजूद रहीं। संचालन जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार ने किया।













































































