मुमुक्षु महोत्सव की तैयारियां पूर्ण,प्राचार्य ने की समीक्षा बैठक
शाहजहांपुर। 24 फरवरी से आरंभ हो रहे मुमुक्षु महोत्सव की सारी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। इस संबंध में प्राचार्य प्रो आर के आजाद की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में महोत्सव से संबंधित सभी महत्वपूर्ण समितियों के प्रभारियों से उनके दायित्व के निर्वहन की रणनीति पर चर्चा एवं समीक्षा की गई। प्राचार्य ने बताया कि 24 फरवरी को प्रातःकाल 9 बजे गुरु पूजन के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। तदुपरांत 10 बजे मुमुक्षु आश्रम की यज्ञशाला में रुद्र महायज्ञ आरंभ होगा जिसकी पूर्णाहुति 2 मार्च को दोपहर 12 बजे होगी। प्रातः दस बजकर पंद्रह मिनट पर श्री राम कथा संदेश वाहन यात्रा का आयोजन होगा। यात्रा खिरनीबाग से आरंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मुमुक्षु आश्रम पर संपन्न होगी। इसके साथ ही श्री रामकथा पंडाल के समीप स्थापित किए गए श्री हनुमान मंदिर पर सुंदरकांड का पाठ भी आयोजित होगा। दोपहर 12 बजे एक कलश यात्रा श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ से आरंभ होकर श्री रामकथा के पंडाल पर पूर्ण होगी।
श्री राम कथा का श्रवण करने के लिए प्रतिदिन आने वाले भक्तों हेतु एक भव्य पंडाल तैयार किया गया है जिसमें लगभग 3000 भक्त आसन ग्रहण करके श्री रामकथा के माधुर्य का आनंद ले सकते हैं।प्रतिदिन पूज्य संत श्री विजय कौशल जी महाराज के श्रीमुख से हजारों की संख्या में भक्तगण पावन श्री रामकथा के श्रवण का सौभाग्य दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक प्राप्त करेंगे। अंतिम दिन अर्थात 2 मार्च को श्री रुद्र महायज्ञ एवं श्री रामकथा पूर्णता को प्राप्त होगी तथा सायं 7 बजे भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। भजन संध्या में मुंबई के प्रख्यात भजन गायक डॉ कमलेश उपाध्याय हरिपुरी, साध्वी भक्ति प्रभा जी एवं महंत श्री गुरु प्रसाद उपस्थित रहेंगे। प्राचार्य ने बताया कि श्रद्धा एवं भक्ति के इस सप्तदिवसीय पावन महोत्सव हेतु शाहजहांपुर नगर के जन जन के साथ साथ जनपद एवं जनपद से बाहर भी भक्तों को आमंत्रण दिया गया है। इसके अतिरिक्त भारत के विभिन्न स्थानों से पधारने वाले अनेक पूज्य संतगण भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाते हुए भक्तों को अपना आशीष प्रदान करेंगे।
कॉलेज के उपप्राचार्य प्रो अनुराग अग्रवाल के संचालन में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रो आदित्य कुमार सिंह, प्रो आलोक मिश्र, प्रो प्रभात शुक्ला, प्रो मधुकर श्याम शुक्ला, प्रो मीना शर्मा, प्रो अजीत सिंह चारग, प्रो शालीन कुमार सिंह, डॉ जयशंकर ओझा, डॉ प्रांजल शाही सहित कॉलेज के तमाम शिक्षक उपस्थित रहे।













































































