बदायूँ।आज गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का तृतीय दिवस प्राचार्या प्रो. सरला चक्रवर्ती के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। शिविर के तृतीय दिवस का मुख्य विषय “साइबर सुरक्षा जागरूकता” रहा। इस अवसर पर स्थानीय पुलिस विभाग की टीम द्वारा एक विशेष व्याख्यान एवं संवादात्मक सत्र का आयोजन किया गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों, जैसे ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग तथा बैंकिंग फ्रॉड आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही उन्होंने डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के लिए आवश्यक सावधानियों पर भी प्रकाश डाला। स्वयंसेविकाओं ने सत्र में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने प्रश्न प्रस्तुत किए तथा व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। प्राचार्या प्रो. सरला चक्रवर्ती ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता समय की अनिवार्य आवश्यकता है। उन्होंने छात्राओं को सजग, जिम्मेदार एवं नैतिक डिजिटल नागरिक बनने का आह्वान किया तथा समाज में साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता फैलाने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुश्री आवनिशा वर्मा एवं डॉ. प्रीति वर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ। उनके कुशल मार्गदर्शन में संपूर्ण आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।