बरेली। अखिल भारतीय साहित्य परिषद ब्रज प्रान्त, बरेली के तत्वावधान में होली गीत समारोह एवं वरिष्ठ पत्रकार निर्भय सक्सेना की पुस्तक “कलम बरेली की पार्ट-6” का विमोचन प्रांतीय संगठन मंत्री निरुपमा अग्रवाल के प्रभात नगर स्थित आवास पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांतीय संरक्षक प्रोफेसर कृष्ण अवतार वार्ष्णेय ने की तथा संचालन वरिष्ठ साहित्यकार निरुपमा अग्रवाल ने किया। प्रोफेसर के. ए. वार्ष्णेय, साहित्य भूषण सुरेश बाबू मिश्रा, उमेश चन्द्र गुप्ता, डॉ. रणजीत पांचाले, डॉ. ब्रजेश कुमार शर्मा, उमेश त्रिगुणायत ‘अद्भुत’, शिव ओम शर्मा, हिमांशु श्रोत्रिय, अनुराग उपाध्याय, उपमेन्द्र सक्सेना व प्रवीण कुमार शर्मा सहित साहित्यकारों ने पुस्तक का विमोचन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मोहन चन्द्र पाण्डेय की सरस्वती वंदना से हुआ, जिसके बाद अनेक रचनाकारों ने होली गीत प्रस्तुत कर वातावरण को उल्लासमय बना दिया। प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. सुरेश बाबू मिश्रा ने कहा कि यह कृति बरेली की सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियों का सुंदर संकलन है, जो शोधार्थियों और भावी पीढ़ी के लिए उपयोगी सिद्ध होगी। अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. वार्ष्णेय ने भारतीय संस्कृति की उत्सवधर्मिता पर प्रकाश डाला। अंत में प्रांतीय संचार मंत्री डॉ. अखिलेश कुमार गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया।