बरेली। लखनऊ में 17 फरवरी को विधानसभा घेराव के दौरान हुए घटनाक्रम के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त रूप से गांधी प्रतिमा स्थल पर शांतिपूर्ण सत्याग्रह आयोजित किया। कार्यक्रम में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए पुलिस बल प्रयोग की कड़ी आलोचना की तथा इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। नेताओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे कांग्रेस नेताओं पर अनावश्यक बल प्रयोग किया गया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के घायल होने की सूचना है। जिला व महानगर कांग्रेस इकाई ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध करना हर नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। संयुक्त वक्तव्य में पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सदैव अन्याय और दमन के खिलाफ गांधीवादी विचारधारा पर चलती रही है और आगे भी इसी मार्ग पर संघर्ष जारी रहेगा। सत्याग्रह के माध्यम से सरकार को संदेश दिया गया कि कार्यकर्ता भयभीत होने वाले नहीं हैं और जनहित के मुद्दों पर आंदोलन जारी रहेगा। कार्यक्रम में प्रेम प्रकाश अग्रवाल, पंडित राज शर्मा, देवेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, रमेश श्रीवास्तव, हरीश गंगवार सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में सभी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सत्याग्रह का समापन किया।