होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन ने बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम किया
बदायूँ। सविलियन विद्यालय शेखुपुर में 100 दिवसीय ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के अंतर्गत एक प्रभावी जन-जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन Hope Unity Helping Welfare Foundation द्वारा जिला प्रोवेशन अधिकारी के निर्देशन में किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में बाल विवाह उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
संस्था की निदेशक डॉ. कृष्ण सिंह ने विद्यार्थियों को बाल विवाह के कानूनी, सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी तथा उन्हें बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक नागरिक के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर CHILDLINE 1098 से केस वर्कर पुरुषोत्तम शर्मा ने बच्चों को सुरक्षा संबंधी जानकारी देते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम के क्रम में एएचटी थाना टीम ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत सुरक्षा के नियम, आवश्यक सावधानियां तथा आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों के बारे में जागरूक किया। साथ ही मानव सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी प्रदान की गई, ताकि विद्यार्थी आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहायता प्राप्त कर सकें।
संस्था की सदस्य एवं वॉलिंटियर श्रीमती पूनम सागर ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती उपासना द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।
यह पहल बदायूं जनपद में बाल विवाह उन्मूलन एवं बाल सुरक्षा के प्रति सामुदायिक जागरूकता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।













































































