बदायूं। उच्च प्राथमिक विद्यालय मझिया में चल रहे त्रिदिवसीय स्काउट–गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। बच्चों द्वारा लगाए गए तंबुओं का शहर आकर्षण का केंद्र रहा, अनुशासन, संगठन क्षमता और टीम भावना का जीवंत परिचय दिया। मुख्य अतिथि प्रधानाध्यापिका गीता सिंह ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच से ही जीवन को सार्थक दिशा मिलती है। स्काउट प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी नागरिक तैयार करता है। पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि युवाओं में हर कार्य को संभव कर दिखाने की श्रेष्ठ सामर्थ्य निहित है। आवश्यकता है तो केवल उत्कृष्ट चिंतन, दृढ़ संकल्प और सद्भावना की। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सेवा, साहस और अनुशासन को जीवन का मूल मंत्र बनाकर महान लक्ष्यों की ओर अग्रसर हों। स्काउट वर्ग में छत्रपति वीर शिवाजी टोली प्रथम, महात्मा गांधी द्वितीय, जय बजरंगबली तृतीय स्थान पर रही। गाइड वर्ग में रानी लक्ष्मीबाई कंपनी महालक्ष्मी कंपनी ने प्रथम, रानी अहिल्याबाई ने द्वितीय और भारत माता कंपनी व मां सरस्वती कंपनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रानी दुर्गावती, श्री कृष्ण, चंद्रशेखर आजाद, डा.भीमराव अंबेडकर टोली को सांत्वना पुरस्कार मिला। शिक्षिका प्रतिभा सिंह, श्वेता गुप्ता निर्णायक रहीं। विजेता टोलियों को मुख्य अतिथि श्रीमती गीता सिंह द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के शिक्षक राजीव कुमार ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर कुसुम लता, मिथलेश, करुणेश आदि मौजूद रहीं।